Ad

benefits of guava

सामान्य खेती के साथ फलों की खेती से भी कमाएं किसान: अमरूद की खेती के तरीके और फायदे

सामान्य खेती के साथ फलों की खेती से भी कमाएं किसान: अमरूद की खेती के तरीके और फायदे

अमरूद का वैज्ञानिक नाम सीडियम ग्वायवा है। इसकी प्रजाति सीडियम है और जाति ग्वायवा है। विटामिन की बात करें तो इस फल में विटामिन सी अधिक मात्रा में पाया जाता है। इसके अलावा विटामिन ए तथा विटामिन बी भी पाए जाते हैं। साथ ही इसमें आयरन, कैल्शियम तथा फास्फोरस काफी अच्छी मात्रा में पाया जाता है। इसके कारण ये फल मानव जीवन के स्वास्थ्य के लिए कई तरह से लाभकारी होता है। इतिहास में झांक कर देखें तो पता चलता है कि इस फल की उत्पत्ति केन्द्रीय अमेरिका में हुई, जिसे आजकल हम वेस्ट इंडीज के नाम से भी जानते हैं। वहां से यह फल 17 वीं शताब्दी में भारत आया। उसके बाद यह फल भारत की मिट्टी में इस तरह से रच बस गया कि मानों यह भारत के लिए ही पैदा किया गया हो। अब यह फल भारत के कोने-कोने में पैदा होता है। भारत में यह फल उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्रा, कर्नाटक, उड़ीसा, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी बंगाल और आंध्र प्रदेश में उगाया ही नहीं जाता है बल्कि इसकी खेती भी की जाती है। मीठे-मीठे व खट्टे -मीठे अमरूद तो आपने बहुत खाये होंगे। अमरूदों को गरीबों का सेब कहा जाता है। अमरूद के कितने फायदे होते हैं, शायद ही आप उनसे परिचित होंगे। यदि प्राचीन ग्रंथों की बात मानी जाये तो प्राचीन काल के ग्रंथों में अमरूद के औषधीय गुणों को देखते हुए संस्कृत भाषा में इस फल को अमृत फल कहा जाता था। इस फल एवं वृक्ष के औषधीय गुणों की बात करें तो अमरूद खाने से खून की कमी दूर होती है, इस फल में बीटा कैरोटीन होता है, इसलिये इसका सेवन करने से त्चचा संबंधी बीमारियां दूर होती हैं, चेहरे पर निखार आता है। इस फल से कब्ज की शिकायत दूर होती है। भुना हुआ अमरूद खाने से सर्दी-खांसी में फायदा मिलता है। फाइबर युक्त होने के कारण यह फल डायबिटीज को कंट्रोल करता है। अमरूद की पत्तियों का लेप लगाने से गठिया की बीमारी ठीक हो जाती है। अमरूद की पत्तियों के काढ़े से कुल्ला करने से मुंह की सारी बीमारियां दूर होतीं हैं, पत्तों के चबाने से दांत का दर्द दूर हो जाता है।कच्चे अमरूद का लेप सिर पर लगाने से पुराना सिर दर्द भी ठीक हो जाता है। सस्ता और औषधीय  गुणों के कारण यह फल आम तौर पर लोकप्रिय है। इसी कारण इस फल की भारत में व्यावसायिक खेती की जाती है। इससे किसानों को अच्छा लाभ प्राप्त होता है। अनेक लोगों के लिए इस फल की खेती रोजगार व आय का साधन बनी हुई है। आइये जानते है कि इसकी खेती किस प्रकार की जाती है।

ये भी पढ़ें: 
पपीते की खेती से कमाएं: स्वाद भी सेहत भी

जलवायु व मिट्टी

अमरूद के लिये शुष्क व गर्म जलवायु सबसे उपयुक्त है। केवल नन्हे पौधों को छोड़कर अमरूद का पेड अधिक गर्मी और सर्दी में पड़ने वाले पाला को भी वर्दाश्त कर लेता है। इस फल की खेती के लिए 20 से 300 सेंटीग्रेड का तापमान बहुत ही अच्छ होता है। इसके अलावा ये सूखा भी वर्दाश्त कर लेता है। अधिक लू लपेट व कम वर्षा तथा बाढ़ आदि का भी अमरूद की फसल पर असर नहीं पड़ता है। वैसे तो अमरूद हर प्रकार की मिट्टी में पैदा हो सकता है लेकिन बलुई दुमट मिट्टी अमरूद की खेती के लिए सबसे अच्छी होती है। इस फल की खेती 6 से लेकर 9 पीएच मान की मृदा अधिक लाभकारी होती है।

बुआई, अवधि और कुल उम्र

अमरूद के पौधे की बुआई वैसे तो जुलाई अगस्त के बीच में की जाती है लेकिन जहां पर सिंचाई आदि की अच्छी सुविधा हो वहां पर  अमरूद की बुआई फरवरी-मार्च में भी की जा सकती है। अमरूद की फसल 700 से 900 दिन यानी दो से तीन साल में तैयार होती है। यह अवधि अमरूद की विभिन्न किस्मों पर आधारित होती हैं। यह कहा जाता है कि अमरूद का पेड़ 30 साल तक फल देता रहता है। उसके बाद उसको बदलना पड़ता है।

कैसे करें खेत की तैयारी

खेत की पहली जुताई गहरी की जानी चाहिये। इसके बाद खेत को समतल करना चाहिये ताकि कहीं भी पानी न रुक सके और खरपतवार को बीन कर खेत को एकदम साफ कर लेना चाहिये। इसके 15 दिन बाद पौधे लगाने के लिए पौधों की किस्मों के अनुसार 3-6 मीटर की लाइन में एक निश्चित दूरी पर 20 इंच की गहराई, लम्बाई व चौड़ाई वाले गड्ढे बना लेने चाहिये। गोबर से तैयार  की गई खाद, सुपर फॉस्फेट, पोटाश, मिथाइल पैराथियॉन पाउडर को अच्छी तरह से मिलाकर मिश्रण तैयार करके इन गड्ढों में भर देनी चाहिये। इसके बाद सिंचाई करें ताकि मिट्टी अच्छी तरह से जम जाए। उसके बाद पौधे लगाएं।

ये भी पढ़ें:
तरबूज और खरबूज की अगेती खेती के फायदे

बीजों का उपचारित कर इस प्रकार रोपें

बीजों को रोपे जाने से पहले उनका उपचार करना आवश्यक होता है।  कार्बोनडाजिम को प्रति लीटर पानी में दो ग्राम घोल कर उसमें पौध को रात भर रखकर उसे उपचारित करें उसके बाद ही उन्हें रोपें। अमरूद के पौधों को रोपने के लिए उनकी नस्ल यानी किस्म के पौधों की लम्बाई चौड़ाई को देखते हुए जगह छोड़नी होती है। गड्डा बनाते समय इस बात का विशेष ध्यान रखना होता है। कुछ पौधे पास-पास तो कुछ पौधे दूर-दूर लगाये जाते हैं। नस्लों के अनुसार तीन तरह से पौधों की रोपाई की जाती है जो इस प्रकार है
  • प्रति हेक्टेयर 2200 लगाये जाने वाले पौधों के लिए लाइन से लाइन की दूरी 3 मीटर रखी जाती है और पौधों से पौधों की दूरी 1.5 मीटर रखी जाती है
  • दूसरे तरह के 1100 पौधे प्रति हेक्टेयर लगाये जाने के लिए लाइन से लाइन की दूरी तो 3 मीटर ही रखी जाती है लेकिन पौधों से पौधों की दूरी 3 मीटर हो जाती है।
  • सबसे बड़े आकार के पेड़ों की पौध के लिए लाइन से लाइन की दूरी 6 मीटर रखी जाती है और पौधों से पौधों की दूरी 1.5 मीटर ही रखी जाती है। इस तरह की बुआई में प्रति हेक्टेयर 600 पौधे रोपे जाते हैं।

बिजाई के तरीके

बिजाई के कई तरीके इस्तेमाल किये जाते हैं। इसमें पके हुए फल के बीजों से बिजाई की जा सकती है। दूसरे तरीके में खेतों में पौधे पहले से तैयार करके उन्हेंं लगाया जा सकता है।  तीसरा तरीका कलमे लगा कर बिजाई की जा सकती है। चौथा तरीका पनीरी तैयार करे उनकी अंकुरित टहनियों को लगा कर बिजायी की जा सकती है। बिजाई करते समय यह ध्यान रखना चाहिये कि उनकी जड़ों को लगभग 25 सेमी. तक की गहराई में रोपना चाहिये।

कटाई-छंटाई की आवश्यकता

पौधों को सही तरीके से बढ़ने व अधिक बढ़ने से रोकने के लिए उनकी कटाई-छंटाई की जाती है। अमरूद का पेड़ जितना छोटा और घना होगा उतने अधिक फल देगा। इस बात को ध्यान में रखते हुए साल में एक बार अवश्य कटाई-छंटाई की जानी चाहिये।

खाद कब-कब और कितनी डालनी चाहिये

अमरूद के पौधों की बुवाई के 12 महीने बाद प्रति पौधे को 15 किग्रा. गोबर की खाद, 400 ग्राम सुपर फास्फेट, 100 ग्राम कार्बोफरान, 200 ग्राम यूरिया और 100 ग्राम पोटाश देना जरूरी होता है । 24 महीने के बाद सभी खादों की मात्रा दोगुनी कर देनी चाहिये।  तीन साल बाद इन खादों व रसायनों मात्रा को बढ़ाकर तीन गुना कर दिया जाना चाहिये।

ये भी पढ़ें:
कैसे करें पैशन फल की खेती

सिंचाई कब-कब करें और कब नहीं करें

अमरूद की पौध लगाने के तुरंत बाद सिंचाई करनी चाहिये। उसके बाद तीसरे दिन फिर सिंचाई करनी चाहिये। इसके बाद मौसम, मिट्टी व फसल की जरूरत के हिसाब से सिंचाई करते रहना चाहिये। गर्मियों में कम से कम प्रति सप्ताह दो बार सिंचाई करनी चाहिये। सर्दियों में दो से तीन बार सिंचाई करना जरूरी है। जब पेड़ में फूल आ रहे हों तो सिंचाई नहीं करनी चाहिये। वरना फूल झड़ सकते हैं।

कीट व रोग प्रबंधन

अमरूद के पौधे में कई तरह के कीडे लगते हैं और कई तरह की बीमारियां भी लगतीं हैं। इनसे फसल का बहुत नुकसान हो सकता है। इन दोनों से फसल को बचाने के लिए भी प्रबंधन करने होते हैं।
  • अमरूद की शाख का कीट होने पर क्लोरपाइरीफॉस या क्विनलफॉस के पानी में मिलाकर छिड़काव करें।
  • चेपा गंभीर कीट है, इसका हमला होने पर डाइमैथेएट या मिथाइल डेमेडान को पानी में मिलाकर छिड़काव करें।
  • सूखा रोग होने पर अमरूद के खेत में जमा पानी को बाहर निकालें। बीमार पौधों को बाहर निकाल कर दूर ले जाकर नष्ट करें। कॉपर ऑक्सीक्लोराइड या कार्बेनडाजिम को पानी में मिलाकर छिड़काव करें।
  • एंथ्राक्नोस रोग लगने से फल गलने लग जाते हैं। इससे बचाने के लिए बीमार पौधों को बाहर निकालें, प्रभावित फलों को नष्ट करें। खेत में पानी हो तो तुरन्त निकालें। छंटाई के बाद कप्तान को पानी में मिलाकर छिड़काव करें। फल पकने तक इसका छिड़काव समय-समय पर करते रहें। इसके अलावा कॉपर ऑक्सीक्लोराइड को पानी में मिलाकर छिड़काव करें।

फसल की कटाई करें

अमरूद की नस्लों के अनुसार बिजाई के दो या तीन साल बाद फसल तैयार हो जाती है। माल की सप्लाई की सुविधानुसार अधपके फलों को तोड़कर कार्टून  में पैक करके मार्केट भेजें। फलों को ज्यादा नहीं पकाना चाहिये। अधिक पकने से फल की क्वालिटी खराब हो जाती है।

अमरूद की प्रसिद्ध किस्में

इलाहाबाद सफेदा, पंजाब पिंक, सरदार या एल49, पंजाब सफेदा, अरका अमूल्या, स्वेता, निगिस्की, इलाहाबाद सुरखा, एपल गुवावा, चित्तीदार आदि।
बदली MBA पास की किस्मत, अमरूद की खेती से बना करोड़पति

बदली MBA पास की किस्मत, अमरूद की खेती से बना करोड़पति

आज का अधिकांश युवा वर्ग खेती किसानी की तरफ रुख कर रहा है. इससे उन्हें उनके सुनहरे भविष्य को नये पंख लग रहे हैं. नई सोच और नई तकनीक से खेती के मायने बदलने वाले युवाओं में से एक हैं MBA पास राजीव भास्कर. जो अमरूद बेचकर करोड़पति बन गये हैं. राजीव भास्कर का जन्म नैनीताल में हुआ था. उन्होंने रायपुर की एक बीज कंपनी में भी काम किया. जिसमें उन्हें विशेषज्ञता मिली. जिस वजह से वो आज एक समृद्ध और उद्यमी किसान बन सके. राजीव ने बताया कि, उन्होंने बिक्री और मार्केटिंग के मेंबर के तौर पर VNR सीड्स कंपनी में करीब चार सालों तक काम किया. इस दौरान उन्होंने देश के अलग अलग क्षेत्र के कई किसानों के साथ मुलाकात की. जिसके बाद उन्हें खेती और किसानी से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली. इन्हीं जानकारियों के दम पर राजीव भास्कर ने नौकरी छोड़ कर खेती करने का फैसला किया.

MBA पास कर शुरू की खेती

राजीव भास्कर ने कृषि से BSC पूरा किया. हालांकि जब तक उन्होंने VNR बीजों के साथ काम करना नहीं शुरू किया था, तब तक खेती किसानी की दिशा में उन्होंने आगे बढ़ने के बारे में भी नहीं सोचा था. जिस बीच राजीव ने MBA का कोर्स कर लिया. जो Distance Learning था. राजीव भास्कर बताते हैं कि, जैसे जैसे उन्होंने बीजों और पोधौं को बेचने का काम शूरू किया, वैसे वैसे कृषि में उनकी दिलचस्पी भी बढ़ती गयी. जिसके बाद उन्होंने इस ओर काम करने का मन बना लिया. नौकरी के साथ ही राजीव ने अमरूद की थाई किस्म के बारे में जाना और समझा. जिसने बाद उन्होंने इसकी खेती करने का फैसला लिया, और काम शुरू कर दिया. ये भी देखें:
देश में सासनी का सुप्रशिद्ध अमरूद रोगग्रसित होने की वजह से उत्पादन क्षेत्रफल में भी आयी गिरावट

5 एकड़ जमीन पर की खेती, चमक गयी किस्मत

राजीव ने अमरूद की खेती के लिए सबसे पहले 5 एकड़ जमीन किराए पर ली. उन्होंने इसकी खेती हरियाणा के पंचकुला में की. उन्होंने अमरूद की थाई किस्म की खेती की और उसके लिए अपनी नौकरी तक छोड़ दी. जिसके बाद राजीव के उगाए थाई किस्म के अमरूदों ने पूरे हरियाणा में तहलका मचा दिया और इसकी डिमांड बढ़ गयी. जिसके चलते सिर्फ पांच सालों में ही राजीव करोड़पति बन गये. लेकिन इन पांच सालों में उनकी खेती का रकबा बढ़ा और आज वो 5 नहीं बल्कि 25 एकड़ की जमीन में थाई किस्म के अमरूद की खेती कर रहे हैं.

अच्छी पैदावार के लिए जैविक खेती जरूरी

राजीव भास्कर की उम्र महज 30 साल ही है. उनकी मानें तो अब तक उनके खेत में लगभग 12 हजार अमरूद के पेड़ हैं. जिसके चलते वो एक साल में करीब एक से डेढ़ करोड़ तक की कमाई कर रहे हैं. राजीव बताते हैं कि, नौकरी छोड़ने के बाद जब उन्होंने पहली बार खेती करनी शुरू की थी तो, उन्हें इस बात का एहसास हुआ कि, ज्यादा विकास और ज्यादा उत्पादन के लिए अच्छे उर्वरक और सिंचाई की जरूरत होती है. राजीव भास्कर अपने उगाए हुए अमरूद की खेती के बारे में बताते हुए कहते हैं कि, उनके अमरूद ना सिर्फ टेस्टी बल्कि हेल्दी और पौष्टिक तत्वों से भरपूर हैं. इसके अलावा उनका यह भी कहना है कि, अगर आप जमीन पर खेती कर रहे हैं, और उर्वरकों का कम इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उस जगह पर जैविक खेती करने से अच्छी पैदावार मिल सकती है. राजीव कहते हैं कि, वो अपना सारा सामान दिल्ली एपीएमसी मार्केट तक पहुंचाते है. जहां उन्हें एक हफ्ते की पेमेंट दी जाती है. अच्छी वैरायटी और मौसम के हिसाब से उन्हें प्रति किलो अमरूद के 40 से 100 रुपये के बीच तक होती है. जिस तरह वो सालाना प्रति एकड़ के हिसाब से लगभग 6 लाख रुपये तक कमाते हैं.
अमरूद की इन किस्मों की करें खेती, होगी बम्पर कमाई

अमरूद की इन किस्मों की करें खेती, होगी बम्पर कमाई

भारत में अमरूद एक पसंदीदा फल है। जिसे लोग बेहद चाव के साथ खाते हैं। यह मिनरल्स औऱ विटामिन से भरपूर होता है। इसकी पैदावार मुख्यतः सर्दियों के मौसम में होती है, लेकिन अब ऐसी किस्में में आ गई हैं जिससे बाजार में हर मौसम में अमरूद उपलब्ध होता है। अमरूद में प्रचुर मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जिससे लोग उत्तम स्वास्थ्य के लिए इस फल का सेवन करना पसंद करते हैं। बाजार में अमरूद के अच्छे खासे दाम मिल जाते हैं, ऐसे में किसान भाई अमरूद की खेती करके कम समय में ही अच्छी खासी कमाई कर सकते हैं। अमरूद एक बागवानी फसल है। इससे जैम, जैली, नेक्टर आदि परिरक्षित पदार्थ तैयार किये जाते है। इसकी पौष्टिकता को ध्यान मे रखते हुये लोग इसे गरीबों का सेब कहते हैं। यह स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभदायक होता है। इसमें विटामिन सी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है।

अमरूद की खेती के लिए उपयुक्त जलवायु

अमरूद की खेती उष्ण कटीबंधीय और उपोष्ण-कटीबंधीय जलवायु में बेहद आसानी से की जा सकती है। उष्ण क्षेत्रों में तापमान व नमी की पर्याप्त मात्रा उपलब्धता रहती है, जिसके कारण अमरूद के पेड़ों पर साल भर फल लगते हैं और किसान भाई हर मौसम में अमरूद की फसल प्राप्त कर सकते हैं। अमरूद के पेड़ 44 डिग्री सेल्सियस तक का तापमान बेहद आसानी से सहन कर सकते हैं। ज्यादा वर्षा वाले क्षेत्र अमरूद की खेती के लिए उपयुक्त नहीं माने गए हैं। ज्यादा वर्षा के कारण अमरूद के पौधे सड़ जाते हैं।

ये भी पढ़ें:
जापानी रेड डायमंड अमरूद से किसान सामान्य अमरुद की तुलना में 3 गुना अधिक आय कर सकते हैं
इसकी खेती के लिए गर्म तथा शुष्क जलवायु सबसे अच्छी मानी जाती है। ज्यादा ठंड से कई बार अमरूद के पौधों पर नकारात्मक असर देखा गया है। कई बार भीषण ठंड में अमरूद के पौधों में पाला लग जाता है। इसके विपरीत अमरूद के पेड़ कड़ाके की ठंड भी झेल सकते हैं, बड़े पेड़ों पर ठंड का कोई खास असर नहीं होता है।

भूमि का चयन एवं तैयारी

अमरूद का पेड़ हर प्रकार की भूमि में आसानी से उग सकता है। लेकिन यदि बलुई दोमट मिट्टी में इसकी खेती की जाए तो इससे उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। अगर खेती के लिए बलुई दोमट मिट्टी का चयन किया गया है तो उसका पीएच मान 4.2 होना चाहिए। वहीं अगर अमरूद के पौधे लगाने के लिए चूनायुक्त भूमि का चुनाव किया गया है तो पीएच मान 8.2 होना चाहिए। खेत तैयार करने के पहले दो से तीन बार अच्छे से जुताई कर लें। इसके बाद खेत में 15 गाड़ी प्रति एकड़ के हिसाब से सड़ी हुई खाद या कंपोस्ट डालें। इसके बाद खेत में 2 फीट व्यास के 8-10 सेंटीमीटर गहरे गड्ढे तैयार कर लें। गड्ढों की दूरी 20 फीट होनी चाहिए।

अमरूद की उपलब्ध प्रजातियां और किस्में

बाजार में अमरूद की कई प्रजातियां उपलब्ध हैं, जिनकी खेती किसान भाई करते हैं। लेकिन इन दिनों  इलाहाबादी सफेदा, सरदार 49 लखनऊ, सेबनुमा अमरूद, इलाहाबादी सुरखा, बेहट कोकोनट आदि प्रजातियां किसानों की पहली पसंद हैं। इसके अलावा चित्तीदार, रेड फ्लेस्ड, ढोलका, नासिक धारदार आदि किस्मों की खेती भी बहुतायत में की जाती है।

ये भी पढ़ें:
अमरूद की खेती कैसे करें: तरीका, किस्में, अमरुद के रोग और उनके उपाय

पौध रोपण

अमरूद की पौध को जुलाई और अगस्त में लगाया जाता है। इसके अलावा फरवरी मार्च में भी अमरूद के पौधे लगाए जा सकते हैं, लेकिन इसके लिए सिंचाई व्यवस्था उपलब्ध होना चाहिए। रोपाई के पहले गड्ढों को सड़ी हुई गोबर की खाद और आर्गनिक खाद से भर दें। इसके बाद गड्ढों में पानी डालें। जब पानी सूख जाए और गड्ढों की मिट्टी बैठ जाए तब पौधे को गड्ढे के बीचों बीच लगा दें और मिट्टी से अच्छी प्रकार से दबाकर सिंचाई कर दें।

पौधों की सिंचाई

अमरूद के पौधों में मौसम के हिसाब से सिंचाई की जाती है। गर्मियों के मौसम में 7 दिन के अंतराल में तथा सर्दियों के मौसम में 15 दिन के अंतराल में सिंचाई करना चाहिए। ध्यान रखें कि जरूरत से अधिक मात्रा में सिंचाई न करें, इससे पौधे सड़ सकते हैं।

खरपतवार नियंत्रण

अमरूद की खेती में खरपतवार नियंत्रण बेहद जरूरी है। खरपतवार पौधों के विकास को प्रभावित करते हैं। खरपतवार नियंत्रण के लिए समय-समय पर निराई गुड़ाई करते रहें। जब पेड़ बड़े हो जाएं तो बाग की जुताई कर दें। इससे खरपतवार पर नियंत्रण पाया जा सकेगा।

कीट एवं रोग नियंत्रण

अमरूद के पेड़ों पर कीट एवं बीमारियों का प्रकोप मुख्यतः बरसात के मौसम में होता है। इनसे पौधों तथा फलों की गुणवत्ता पर नकारात्मक असर दिखाई देता है। अमरूद के पेड़ों में छाल खाने वाले कीड़े, फल छेदक, फल में अंड़े देने वाली मक्खी, शाखा बेधक आदि कीट लगते हैं। इनके नियंत्रण के लिए जैविक कीटनाशक का प्रयोग कर सकते हैं। अगर तब भी कीटों का प्रकोप कम न हो तो पौधों को नष्ट कर दें। इसके अलावा अमरूद के पेड़ों पर उकठा रोग और तना कैंसर जैसे रोग लगते हैं। यह रोग भूमि में नमी होने के कारण फैलते हैं। इन रोगों के नियंत्रण के लिए ग्रसित डालियों को काटकर जाला देना चाहिए तथा कटे भाग पर ग्रीस लगा कर बंद कर देना चाहिए। इसके बाद भी अगर रोग से छुटकारा न मिले तो पौधे को तुरंत निकाल कर नष्ट कर देना चाहिए।

फलों की तुड़ाई और उपज

अमरूद के पेड़ों पर फूल आने के 120 दिन बाद फल आने से शुरू हो जाते हैं। जब फलों का रंग पीला पड़ने लगे तो तुड़ाई करके पेटियों में स्टोर कर लेना चाहिए। एक पेड़ से 150 किलो फल तक प्राप्त किया जा सकते हैं। यह फल जल्दी खराब हो जाते हैं, इसलिए इनकी तुड़ाई के बाद तुरंत मंडी में बेंचने के लिए भेज देना चाहिए। उत्तर और पूर्वी भारत मे साल में दो बार अमरूद की फसल प्राप्त होती है। जबकि पश्चिम व दक्षिणी भारत में साल में तीन बार अमरूद के फल प्राप्त किए जा सकते हैं।